पथ प्रवाह, नई टिहरी
देवभूमि उत्तराखंड में नशा मुक्त समाज की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। नशा मुक्त जनमोर्चा देवभूमि उत्तराखंड के संयोजक देवी सिंह पवार के नेतृत्व में ग्राम पंचायत मिश्रवाण में आयोजित एक विवाह समारोह को पूर्णतः नशा मुक्त तरीके से संपन्न कराया गया।
गांव मिश्रवाण निवासी पूर्ण मिश्रवाण एवं गोविंद सिंह मिश्रवाण (अध्यापक) के सुपुत्र अटलजयं सूर्या का विवाह आयु-सीमा के साथ सादगी और सामाजिक संदेश के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नशा मुक्त जनमोर्चा की पूरी टीम ने गोविंद सिंह मिश्रवाण के घर पहुंचकर उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रधान संगठन के अध्यक्ष कृपाल सिंह राणा, राजपाल सिंह राणा (पूर्व प्रधान, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष), रामदेव कलुड़ा, पबनीश भट्ट (नंदी चैनल से मीडिया प्रभारी) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए इसकी सराहना की। समारोह में ग्राम प्रधान की ओर से भी सक्रिय सहयोग देखने को मिला। महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे कार्यक्रम को सफल बनाने में सामूहिक प्रयास झलकता रहा।
बाहर से आए अतिथियों में बद्री प्रसाद जोशी, अर्जुन सिंह बिष्ट और भाजपा के युवा कल्याण के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए देवी सिंह पवार और उनकी टीम को बधाई दी। ग्रामीणों ने इस नशा मुक्त शादी को एक नई सामाजिक शुरुआत बताते हुए इसकी सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
नशा मुक्त शादी का अनूठा उदाहरण, जनमोर्चा ने किया सम्मान




