ऋषिकुल मैदान में खूब गरजे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कार्यकर्ताओं में भरा जोश




नवीन चौहान. ऋषिकुल मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने जहां एक ओर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा वहीं भाजपा को देश के प्रति समर्पित पार्टी बताया। कहा कि भाजपा की कथनी करनी में अंतर नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 21 वीं सदी में नया इतिहास रच रहा है।

भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं
अपने संबोधन में जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी 19 अप्रैल को हरिद्वार लोकसभा के प्रत्याशी भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए हमें एकजुटता के साथ जनता के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव जीतने के लिए नहीं बल्कि जीत के मतों का अंतर बढ़ाने के लिए है। भाजपा को आईडियोलॉजिकल और काडर बेस्ड पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। 1951—52 में एक देश में दो निशान और दो विधान का विरोध करने वाली भाजपा ने 6 अगस्त 2019 को धारा 370 को हटाकर यह साबित कर दिया कि वह एक देश में दो विधान नहीं चलने देगी।

22 जनवरी को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की
कहा कि भाजपा के 1978 में पालमपुर राष्ट्रीय अधिवेशन में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की बात कही गई थी जिसे 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर पूरा किया गया। तीन तलाक को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलवाने का काम किया गया। यही नहीं महिलाओं को 33% आरक्षण से लेकर अनेक कार्यों की लंबी सूची है।

कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति की
इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं है। गरीब घर के व्यक्ति भी अध्यक्ष बनते हैं। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की है। आपस में लड़ाने का काम किया है। अलगाववाद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ और सबका विकास का नारा देकर खत्म करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश विश्व की पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ दिया है।

प्रधानमंत्री की योजनाओं का मिल रहा जनता को लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर नल से जल समेत अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जन को मिल रहा है। दुनिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का मान बढ़ाया है। मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनता से प्रदेश की पांचों लोकसभा सीट को जिताने की अपील की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने को कहा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *