अपडेट : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देहरादून-मसूरी हाईवे पर बस के खाई में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन ने त्वरित रूप से राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया है और घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
आज रविवार को मसूरी से देहरादून लौट रही एक रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मसूरी से पांच किमी पहले बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिनकी हालत सामान्य बनी है। बताया गया कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसा रविवार दोपहर 12 बजे बाद शेर घंड़ा के पास हुआ।