डबल मर्डर में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार




मेरठ।
थाना हस्तिनापुर पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक इस तमंचे का इस्तेमाल डबल मर्डर की घटना को अंजाम देने के लिए भी किया गया था।

पुलिस के मुताबिक बीती रात समय करीब 12.25 बजे थाना प्रभारी हस्तिनापुर मय पुलिस फोर्स द्वारा मुखबिर की सूचना पर चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान गणेशपुर से रानी नगला को जा रहे रजवाहे की पटरी के किनारे जा रही पक्की सड़क के पास जंगल में एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया तो वह बाइक को लेकर वापस भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान अभियुक्त की बाइक गिर गई। पुलिस को अपनी ओर आता देख अभियुक्त ने अपने तमंचे से पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस एक गोली अभियुक्त के पैर में जा लगी। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

घायल अभियुक्त की पहचान कोशेन्द्र पुत्र विधिचंद निवासी साधुओं वाली नंगली थाना दौराला जनपद मेरठ हुई। अभियुक्त के पास से एक तमंचा 12 बोर, एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस एवं एक कैलीबर-115 बाइक बिना नंबर बरामद हुई है। अभियुक्त को प्राथमिक उपचार हेतु सरकारी अस्पताल मवाना भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार कोशेन्द्र द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दिनांक 23.07.2023 को कस्बा हस्तिनापुर में मखदुमपुर कॉलोनी में ग्राम पाली के अरविंद और सुरेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी, इस घटना में अभियुक्त द्वारा बरामद तंमचे व बाइक का प्रयोग किया गया था तथा जो मोटर साइकिल बदमाश से बरामद हुई है, इसी मोटर साइकिल कैलीबर से घटनास्थल पर पहुंचने और घटना के बाद भागने की बात बताई है। उक्त घटना के संबंध में थाना हस्तिनापुर पर मु0अ0सं0-159/2023 धारा 147/148/149/302/307/34 भादवि पंजीकृत है। उक्त घटना में अभियुक्त कोशेन्द्र मुख्य आरोपी/साजिशकर्ता है। उक्त हत्याकांड में संलिप्त तीन अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम-

  1. प्रभारी निरीक्षक हस्तिनापुर रमेश चंद शर्मा
  2. उ0नि0 अनिल कुमार
  3. कांस्टेबल रंजन सरोहा
  4. कांस्टेबल अंकित मलिक


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *