संजय पाठक बने रुद्रपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक, कई चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव
न्यूज 127, संवाददाता, रुद्रपुर।
ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के 11 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण किए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात निरीक्षक संजय पाठक को कोतवाली रुद्रपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक दीपक तिवारी को सरकड़ा चौकी से लालपुर चौकी, किच्छा भेजा गया है। बाजार चौकी रुद्रपुर के प्रभारी प्रदीप कोहली को सिडकुल चौकी, सितारगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिडकुल चौकी, सितारगंज के प्रभारी जगत सिंह शाही को एसओजी रुद्रपुर में तैनात किया गया है।
इसी क्रम में जसपुर कोतवाली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर तैनात भूपाल राम पौड़ी को शिवराजपुर पट्टी चौकी का प्रभारी बनाया गया है। कुंडा कोतवाली में तैनात नवीन जोशी को मंडी चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। रुद्रपुर कोतवाली में द्वितीय वरिष्ठ उपनिरीक्षक के रूप में तैनात महेश काण्पाल को रम्पुरा चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बरहैनी चौकी, बाजपुर के प्रभारी संदीप शर्मा को बाजार चौकी रुद्रपुर भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात मनोज देव को बरहैनी चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लालपुर चौकी, किच्छा के प्रभारी बसंत प्रसाद को जसपुर कोतवाली में तैनाती दी गई है। वहीं, रम्पुरा चौकी के प्रभारी दीपक कौशिक को सरकड़ा चौकी, सितारगंज का प्रभारी बनाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के इस आदेश के बाद जिले की विभिन्न कोतवालियों और चौकियों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।


