विधानसभा चुनाव-2027: हरिद्वार में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू




Listen to this article

11 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन, मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का दिया जाएगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

News127, हरिद्वार
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार जिले में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए 181 मशीनें चिन्हित की गई हैं। इनमें से 23 बैलेट यूनिट, 23 कंट्रोल यूनिट और 23 वीवीपैट को अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मशीनों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी की गई है। मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों, मोहल्लों, वार्डों और मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोगों को ईवीएम से मतदान करने तथा वीवीपैट के माध्यम से मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझाएंगी।

निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह अभियान व्यावहारिक रूप से जारी रहेगा। इसके बाद ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता संबंधी गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी। अभियान की नियमित निगरानी के लिए डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले लोगों तथा मॉकपोल में प्रतिभाग करने वाले नागरिकों की साप्ताहिक अथवा पाक्षिक रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने मतदाताओं और संभ्रांत नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया की जानकारी हासिल करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।