पूर्व पार्षद सुशीला रावत के पति स्व. राजेन्द्र सिंह रावत की पुण्य स्मृति में आयोजित ज्ञान यज्ञ में लिया भाग
News127, देहरादून।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को देहरादून के एम.डी.डी.ए. कॉलोनी, केदारपुरम में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में सहभागिता की। यह धार्मिक आयोजन पूर्व पार्षद श्रीमती सुशीला रावत द्वारा अपने पूज्य पति स्व. राजेन्द्र सिंह रावत की पुण्य स्मृति में कराया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूज्य कथावाचक आचार्य पं. शान्ति प्रसाद उनियाल के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का श्रवण किया तथा व्यास पीठ पर विराजमान आचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भगवान श्रीहरि से दिवंगत आत्मा की सद्गति एवं अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ईश्वर से प्रार्थना की कि भगवान श्रीहरि समस्त रावत परिवार पर अपनी कृपा और आशीर्वाद बनाए रखें तथा परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।
इस दौरान भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ उठाया।


