आपदा प्रबंधन दिवस पर हरिद्वार के 11 स्थानों में मॉक एक्सरसाइज, भेल के स्कूल में भूकंप की काल्पनिक घटना पर राहत दल रवाना




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने, विभिन्न विभागों में आपसी समन्वय बनाने और आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता जांचने के लिए शनिवार को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। उत्तराखंड शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर यह अभ्यास जिले के 11 विभिन्न स्थानों पर एक साथ संचालित हो रहा है।

इस अभ्यास के दौरान बाढ़, भगदड़, अग्निकांड, भूकंप और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर प्रशासन तथा संबंधित विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-ब बचाव कार्यों की प्रभावशीलता की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह नियमित अभ्यास का हिस्सा है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

अभ्यास के क्रम में सुबह 9.35 बजे जिला आपदा परिचालन केंद्र हरिद्वार को जिले के कई हिस्सों में भूकंप आने की सूचना मिली। इसके तहत राजकीय इंटर कॉलेज भेल, हरिद्वार में भूकंप के कारण स्कूल की छत गिरने से कुछ बच्चों के दबे होने की काल्पनिक स्थिति सामने आई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आपदा प्रबंधन टीम को राहत और बचाव कार्य के लिए तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।