रावली महदूद में बिना स्वीकृति चल रहे निर्माणों पर प्राधिकरण की कार्रवाई
News127, हरिद्वार।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रावली महदूद क्षेत्र में दो अनाधिकृत निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के अनुसार, रावली महदूद के डेंसो चौक स्थित दीपांशु भोजनालय के बगल वाली गली में डॉ. सतबीर तथा 45 मीटर रोड पर मेहरबान मलिक हार्डवेयर के बगल वाली गली में दुर्गा स्कूल के पास राजेश कुमार द्वारा अनाधिकृत निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
प्राधिकरण ने इन निर्माणों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए थे। इसके बावजूद संबंधित निर्माणकर्ताओं को बार-बार निर्देश दिए जाने पर भी निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों निर्माणों को सील कर दिया।
इस दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्राधिकरण से मानचित्र एवं आवश्यक स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण ने अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।


