न्यूज 127, संतकबीरनगर (उत्तर प्रदेश)।
जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के सरफरा गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर मेंहदावल थानाध्यक्ष राकेश सिंह समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को सरफरा गांव के बाड़ो टोला में खेत की बुआई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जमोहरा गांव निवासी एक परिवार के लोग खेत में गेहूं की बुआई करने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किया गया।
गोली लगने से प्रह्लाद और रामकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घनश्याम और सहसराम भी हमले में घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हमलावर पक्ष की दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। गांव में तनाव को देखते हुए छह थानों की पुलिस तैनात की गई। एसपी संदीप कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसपी ने मेंहदावल के थानाध्यक्ष राकेश सिंह सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।


