मनुष्य का जीवन केवल भौतिक सुखों के लिए नहीं, बल्कि सत्य, सदाचार और परोपकार के लिए होना चाहिए
News127, हरिद्वार।
निरंजनी अखाड़े के वरिष्ठ महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है। इसकी सार्थकता तभी है, जब व्यक्ति सत्य के मार्ग पर चलते हुए अपने जीवन को सद्कर्मों, सेवा और परोपकार के लिए समर्पित करे। सत्य का मार्ग भले ही कठिन हो, लेकिन यही मार्ग मनुष्य को आत्मिक शांति और वास्तविक संतुष्टि प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, मनुष्य को अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से समझौता नहीं करना चाहिए। असत्य और छल से व्यक्ति कुछ समय के लिए सफलता प्राप्त कर सकता है, लेकिन स्थायी सम्मान और आत्मिक संतोष सत्य के मार्ग पर चलकर ही मिलता है।
महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण में सत्य, विनम्रता और सद्भाव को स्थान देना चाहिए। दूसरों के प्रति करुणा, सेवा का भाव और समाज के कल्याण के लिए कार्य करना ही मानव जीवन की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि सत्य के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति न केवल स्वयं का जीवन सार्थक बनाता है, बल्कि समाज को भी सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है।


