जनता का विश्वास जीतना और पुलिस का मनोबल बढ़ाना होगी प्राथमिकता : एसएसपी अर्पण यदुवंशी




Listen to this article

News127, नैनीताल।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति, क्षेत्रीय चुनौतियों और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। देर रात्रि तक चली बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता का विश्वास जीतने के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाकर टीम भावना से बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक में एसएसपी ने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने और समस्याएं बताने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थों को विश्वास में लें और उनकी समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान सुनिश्चित करें।

पर्यटकों और फरियादियों के प्रति संवेदनशील रहे पुलिस

एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि नैनीताल प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना आवश्यक है। थाना, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और उसका प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निस्तारण किया जाए। पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे आमजन के मन में सुरक्षा का भाव और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।

टीम भावना और जवाबदेही से होगी बेहतर पुलिसिंग

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। आने वाली चुनौतियों का सामना सभी अधिकारी और कर्मचारी एकजुट होकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेंगे।

औचक निरीक्षण में मैस की स्वच्छता परखी

समीक्षा बैठक के बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैस की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में बेहतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ ही पुलिसकर्मियों की सुविधाओं और कार्यस्थल की व्यवस्थाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है।

बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह, समीरन भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, लेखाकार, आशुलिपिक और पीआरओ समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।