नेहरू कॉलोनी पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार
News127, देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के बाद दून पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत की 13.40 ग्राम अवैध स्मैक और 105 पव्वे देसी शराब बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशे की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।
इसी अभियान के तहत 27 नवंबर को नेहरू कॉलोनी पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सपेरा बस्ती पुल से मोथरोवाला जाने वाले रास्ते पर विशाल नाथ उर्फ सिद्धू (29) निवासी सपेरा बस्ती, मोथरोवाला को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13.40 ग्राम स्मैक और एक हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत चार लाख रुपये बताई गई है।
वहीं, पुलिस ने दून यूनिवर्सिटी रोड से शुभम पुत्र राजवीर निवासी दीप नगर, नेहरू कॉलोनी को 53 पव्वे अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा बद्रीपुर रेलवे फाटक के पास से सूरज पाल पुत्र स्वर्गीय हरि सिंह निवासी कुटला नवादा, नेहरू कॉलोनी को 52 पव्वे अवैध देसी शराब के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


