नवोदय नगर में विकास को मिली नई रफ्तार, राजीव शर्मा ने छह स्थानों पर सड़क निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण




Listen to this article

News127, हरिद्वार।
नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने वार्ड संख्या-13 स्थित नवोदय नगर में विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विधिवत लोकार्पण कर सड़कों को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। लंबे समय से स्थानीय लोगों की आवश्यकता से जुड़े इन निर्माण कार्यों के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा।

लोकार्पण किए गए कार्यों में शिवालिक गंगा विहार की गली संख्या-2 की आंतरिक सड़क, गली संख्या-3 एवं 10 की मुख्य और आंतरिक सड़कें, ज्ञान लोक से जंगल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क तथा आदर्श कॉलोनी एवं श्रीराम कॉलोनी की सड़कें शामिल हैं।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले और लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र की विकास यात्रा की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता, सुविधा और विकास को भी नई दिशा देती हैं। नवोदय नगर में स्थानीय निवासियों की आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण कार्य कराए गए हैं।

राजीव शर्मा ने कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि कोई भी वार्ड विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे। सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का विश्वास, सहयोग और स्नेह ही उन्हें जनसेवा के कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिवालिक नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं विकसित नगर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेंगे।

सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर स्थानीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा का स्वागत किया और उनका आभार जताया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि सड़कों के निर्माण से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर सभासद दीपक नौटियाल एवं अवधेश राय, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, श्वेता सिंह, प्रदीप चंदेल, मुकेश रावत, बागेश्वरी बग्गा, दीपा सिंह, गौरव गुर्जर, वेदांत चौहान, नीरज प्रेमी, जटाशंकर श्रीवास्तव, रणविजय पांडे, नीलम रावत, मनीष चौहान, हेमचंद्र मलकानी, विजय उपाध्याय, सुरेश चंद जोशी, प्रीति चौहान, विक्रम पुंडीर, अभिषेक, अंकित गुर्जर, राहुल गुर्जर, राहुल शर्मा, अजय पाल, हुकुम चंद कौशिक, अभिषेक शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।