कुंभ मेला-2027: एडीजी ए.पी. अंशुमान ने किया ऋषिकुल पुलिस लाइन का विधिवत उद्घाटन




Listen to this article

क्राउड मैनेजमेंट, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और अग्निशमन योजना पर दिया विशेष जोर

News127हरिद्वार ! कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल स्थित कुंभ मेला पुलिस लाइन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उद्घाटन अवसर पर एडीजी प्रशासन ने सर्वप्रथम सलामी गार्द का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके बाद रिबन काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पुलिस लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने पूरी पुलिस लाइन का भ्रमण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रहने और दैनिक कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बैरकों, स्थायी जीडी कार्यालय, कैश कार्यालय सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया गया। साथ ही संबंधित अभिलेखों की भी बारीकी से जांच कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस जवानों की ब्रीफिंग के दौरान एडीजी प्रशासन को कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस बल की तैयारियों, मेहनत और समर्पण से अवगत कराते हुए मुख्यालय स्तर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने कुंभ मेले के दौरान सामने आने वाली प्रमुख चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ एक विशाल धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी, ड्यूटी प्वाइंट और वहां की व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन की सफलता प्रत्येक स्तर पर बेहतर तालमेल, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ किए गए कार्यों पर निर्भर करती है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

पुलिस लाइन के उद्घाटन और निरीक्षण के साथ ही कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारियों को एक और महत्वपूर्ण आधार मिला है।