News127, हरिद्वार।
विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर सोशल मीडिया पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें नवनियुक्त प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी ने पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए सोशल मीडिया की ताकत और उपयोगिता बताई। उन्होंने बूथों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक तक पहुंचने का आह्वान करते हुए संगठन, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करने को कहा।
प्रदेश सह सोशल मीडिया संयोजक करुण दत्ता ने पदाधिकारियों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां साझा करने की अपील की। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि विरोधियों को सोशल मीडिया पर जवाब देते समय हमेशा संयम और शालीनता की भाषा का प्रयोग किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को जनता के सामने रखा जाए। जिला सोशल मीडिया संयोजक मनोज शर्मा ने कहा कि सरकारी योजनाओं को तेजी से लोगों तक पहुंचाया जाए, लेकिन सोशल मीडिया को दोधारी तलवार मानते हुए इसका उपयोग पूरी सावधानी से किया जाए।
जिला सोशल मीडिया प्रभारी व उपाध्यक्ष निपेंद्र चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और समर्पण व जनसेवा के भाव से काम करते हैं। लोकसभा सोशल मीडिया संयोजक आशीष कुमार झा ने सोशल मीडिया को तीव्र संचार माध्यम बताते हुए संगठन के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए इसका प्रभावी उपयोग करने पर बल दिया। बैठक में सह संयोजक शिवम त्यागी, निर्मल सिंह, अनिल शर्मा, मोहित नेगी, अमित राज, गुड्डू तिवारी, सतीश पंवार, सुशील चौहान, डॉ. चित्रा भट्ट, रीना चौहान, अक्षय कुमार, संचित डागर, डॉ. विरेंद्र, शशि और अरविंद कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


