न्यूज 127, देहरादून।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हुई मौत से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि रानीपोखरी स्थित उनके आवास से देर शाम लगातार गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 11 राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद हेड कांस्टेबल सुनील अपने घर पहुंचे थे। देर शाम अचानक उनके घर के बरामदे से ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज आने लगी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सुनील खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग उनकी सरकारी कार्बाइन से हुई। हालांकि मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस इस संभावना पर भी जांच कर रही है कि कहीं हथियार साफ करते समय गोली तो नहीं चली, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यह हादसा था तो फिर एक-दो नहीं बल्कि करीब 11 राउंड गोलियां कैसे चल गईं।
पुलिस ने कार्बाइन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हादसा और अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रानीपोखरी थाने के एसएसआई नवीन डंगवाल के मुताबिक घटना रात की बताई जा रही है और गोली चलने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल की गोली लगने से मौत




