निर्माण कार्यों में लापरवाही पर एनएचआईडीसीएल को पैनल से हटाने का फैसला




Listen to this article

बापूग्राम की 594.90 एकड़ वन भूमि को डीनोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति

News17 देहरादून।
उत्तराखण्ड में निर्माण कार्यों की गति, नियोजित विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर धामी मंत्रिमंडल ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। कैबिनेट ने निर्माण कार्यों में रुचि नहीं दिखाने और आवंटित कार्यों को लंबे समय तक शुरू नहीं करने के मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के सूचीबद्ध पैनल से हटाने का निर्णय लिया है।

एनएचआईडीसीएल को राज्य के सरकारी विभागों के विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। आवास विभाग की ओर से राज्य के पांच जनपदों में ऑटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग से जुड़े कार्य आवंटित किए गए थे। लेकिन संस्था द्वारा इन कार्यों में रुचि नहीं दिखाई गई और जारी धनराशि के सापेक्ष लंबे समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किए गए। इसे देखते हुए मंत्रिमंडल ने संस्था को पार्किंग सहित विविध निर्माण कार्यों की सूची से हटाने का निर्णय लिया।

कैबिनेट ने महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की व्यवस्था में भी संशोधन को मंजूरी दी है। अब एक अगस्त 2025 के शासनादेश के स्थान पर छह अक्टूबर 2021 के शासनादेश के अनुसार भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरें निर्धारित की जाएंगी। सरकार का मानना है कि वर्तमान शुल्क दरें अव्यावहारिक होने के कारण भू-स्वामी और विकासकर्ता वैधानिक स्वीकृति लेने से बच रहे थे। इससे अवैध और अनियोजित निर्माण तथा प्लॉटिंग को बढ़ावा मिल रहा था। नई व्यवस्था का उद्देश्य नियोजित विकास, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और निजी निवेश को प्रोत्साहित करना है।

भवन निर्माण एवं विकास उपविधि/विनियम, 2011 के मानकों में शिथिलीकरण देने के लिए भी भवन उपयोग के आधार पर भूखंड क्षेत्रफल का वर्गीकरण करते हुए सक्षम स्तर निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की परिस्थितियों के अनुसार प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण हो सकेगा।

ऋषिकेश के बापूग्राम आरक्षित वन की 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि के संबंध में भी मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन और भावी कार्यवाही के लिए वन भूमि को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में प्रस्ताव वन विभाग की ओर से प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए नई नीति 2026 को मंजूरी दी गई है, जो वर्ष 2024 की नीति का स्थान लेगी। वहीं सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली 2026, लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली और महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान की सेवा नियमावली में संशोधन को भी अनुमोदन दिया गया है।

मंत्रिमंडल ने उत्तराखण्ड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक (राजस्व निरीक्षक) सेवा नियमावली के संबंध में विचार के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य राजस्व निरीक्षक और रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों पर पदोन्नति व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना है। वहीं उत्तराखण्ड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति भी की गई है।