न्यूज 127, कोटद्वार।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को मथुरा वेडिंग पॉइंट, कोटद्वार में सुखरो देवी बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड, विकासखंड दुगड्डा की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने सहकारिता विभाग, पौड़ी गढ़वाल द्वारा आयोजित वृहद किसान ऋण मेले में भी शिरकत की, जहां किसानों को विभागीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उन्हें आसानी से ऋण उपलब्ध कराना और कृषि व स्वरोजगार के नए अवसर देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं तथा किसानों को सहकारिता विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर चेयरमैन पंकज रावत, जीएम संजय रावत, डीसीडीएफ रवींद्र नेगी, मंडल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, अतिया त्रिपाठी, जितेंद्र नेगी, रजत भट्ट, समिति अध्यक्ष अमिता बिष्ट, उमेश त्रिपाठी, पातीराम ध्यानी, विजय लखेड़ा, जीवन कोठारी और सचिव पुष्पा देवी समेत सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।


