हरिद्वार में 194 करोड़ का औद्योगिक परिसर, खुरपिया में 1,100 करोड़ का विनिर्माण क्लस्टर होगा विकसित
News127 देहरादून।
उत्तराखंड का निर्यात आठ वर्षों में 10,836 करोड़ से बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये पहुंच गया है। औषधि, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक उत्पाद और हस्तशिल्प इस उपलब्धि के प्रमुख आधार बने हैं। अब प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए औद्योगिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
शुक्रवार को होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखंड के निर्यातकों के लिए नए अवसर लेकर आए हैं। ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड के साथ हुए समझौतों से भारतीय उत्पादों को सीमा शुल्क में रियायतें मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर बनाया जा रहा है। खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये का एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर तथा हरिद्वार में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित किया जा रहा है। पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में भी विशेष औद्योगिक पार्क प्रस्तावित हैं।
मंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इन्वेस्ट उत्तराखंड पोर्टल के माध्यम से 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति मिली है। हाउस ऑफ हिमालयाज और हिमाद्री ब्रांड के जरिए स्थानीय हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला समूहों के उत्पादों को भी बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग सौरभ गहरवार ने निवेश एवं निर्यात संवर्धन की जानकारी दी। केंद्रीय संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।


