आपदा से मुकाबले के लिए गांव से स्कूल तक तैयार होगा सुरक्षा तंत्र




Listen to this article

133 क्यूआरटी में 2250 सदस्य तैनात; भूकंप की चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित

News127 देहरादून।
प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में अब आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी सरकारी एजेंसियों तक सीमित नहीं रहेगी। पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों से लेकर विद्यालयों के शिक्षकों और आम नागरिकों को भी आपदा से मुकाबले के लिए तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्पष्ट किया कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, प्रशिक्षित मानव संसाधन और जनसहभागिता ही जान-माल के नुकसान को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन को लेकर चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनकी मदद से आमजन को जागरूक किया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों को आपदा सुरक्षा अभियान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने प्रथम चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित करने की घोषणा की। इससे विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने, प्राथमिक प्रतिक्रिया देने और बचाव के उपायों की जानकारी मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा के रूप में स्वीकार करने और प्रभावितों को एसडीआरएफ के मानकों के अनुरूप राहत राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

सिलक्यारा अभियान बना आपदा प्रबंधन का उदाहरण

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान साहस, धैर्य, तकनीकी विशेषज्ञता और बेहतर समन्वय का ऐतिहासिक उदाहरण है। 12 नवंबर 2023 को सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों ने लगातार प्रयास किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं अभियान की प्रगति पर नजर रखे हुए थे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद से विभिन्न वैकल्पिक उपायों पर एक साथ काम किया गया और 28 नवंबर को सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां आपदा प्रबंधन को लेकर हमेशा सतर्क रहने की जरूरत है। केवल आपदा आने के बाद राहत पहुंचाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उससे पहले ऐसी तैयारियां जरूरी हैं, जिनसे नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। भूकंप की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर विशेष बल दिया।

133 त्वरित प्रतिक्रिया दलों से मजबूत होगा बचाव तंत्र*

कार्यक्रम में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन की मौजूदा तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि राज्य में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए प्रदेश में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली और क्षमता विकास के क्षेत्र में भी कार्य किया जा रहा है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि आपदा प्रबंधन में अंतिम प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन के अनुभवों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, विनय रुहेला, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।