जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विभागीय समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव व्यवस्था को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
News127 अल्मोड़ा।
आपदा की चुनौती से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को परखने और राहत एवं बचाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 28 नवंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के समय प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में विभिन्न विभागों की तत्परता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी तालमेल राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता तय करते हैं। मॉक ड्रिल का उद्देश्य इन्हीं व्यवस्थाओं को वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में परखना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभ्यास को महज औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि पूरी गंभीरता के साथ संभावित आपदा की परिस्थितियां मानकर कार्रवाई की जाए। अभ्यास के दौरान सामने आने वाली कमियों और चुनौतियों का आकलन कर उनके समाधान की दिशा में तत्काल कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित कर सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन में बेहतर तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागीय समन्वय ही जनसुरक्षा का मजबूत आधार हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, संभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


