गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी




Listen to this article

खनिज न्यास शुल्क में बदलाव से रॉयल्टी और क्षतिपूर्ति शुल्क की दरें पुनर्निर्धारित
News127देहरादून।
उत्तराखण्ड सरकार ने गन्ना किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए पेराई सत्र 2026-27 के लिए राज्य की सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति प्रदान करने का निर्णय लिया है। इससे चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने में सुविधा मिलेगी और गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट के निर्णय के अनुसार बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों के लिए कुल 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी प्रस्तावित की गई है। राज्य सरकार पूर्व में भी गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चीनी मिलों को इस प्रकार की शासकीय प्रत्याभूति देती रही है।

वहीं मंत्रिमंडल ने जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क एवं क्षतिपूर्ति शुल्क की दरों में भी बदलाव को मंजूरी दी है। इसके तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास शुल्क को भारत सरकार के प्रावधानों के अनुरूप 15 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किया गया है। साथ ही न्यास शुल्क की पांच प्रतिशत दर को क्षतिपूर्ति शुल्क में सम्मिलित करते हुए क्षतिपूर्ति शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया है।

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार पूर्व में रॉयल्टी की बढ़ी हुई दरें स्थगित रहेंगी। इस बदलाव का उद्देश्य खनन से संबंधित शुल्क व्यवस्था को केंद्र सरकार के अनुरूप करना है।

इन फैसलों को राज्य के कृषि एवं औद्योगिक हितों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर चीनी मिलों को वित्तीय सहायता के माध्यम से गन्ना किसानों के भुगतान में सहूलियत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर खनिज क्षेत्र में शुल्क व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने का रास्ता खुलेगा।