भाजपा ने 2027 की चुनावी जंग के लिए सोशल मीडिया को बनाया हथियार




Listen to this article

News127, हरिद्वार।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने अब सोशल मीडिया के मोर्चे पर भी संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। पार्टी ने बूथ स्तर तक अपनी पहुंच मजबूत करने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पदाधिकारियों को चुनावी रणनीति के तहत सक्रिय रहने का संदेश दिया है।

शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय हरिद्वार में आयोजित जिला सोशल मीडिया पदाधिकारियों की बैठक में नवनियुक्त प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मनन दाणी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंपर्क और जनमत निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। पार्टी पदाधिकारियों को इसका उपयोग करते हुए प्रत्येक बूथ पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंच बनाने का प्रयास करना चाहिए।

मनन दाणी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना सोशल मीडिया पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।

प्रदेश सह सोशल मीडिया संयोजक करुण दत्ता ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों का प्रभावी उपयोग करने और सरकार की उपलब्धियों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर विरोधियों की टिप्पणियों का जवाब देते समय संयम और शालीनता बनाए रखना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपने जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचानी चाहिए।

जिला सोशल मीडिया संयोजक मनोज शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। यह दोधारी तलवार की तरह है, इसलिए इसका सकारात्मक और प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है।

जिला प्रभारी सोशल मीडिया एवं उपाध्यक्ष निपेन्दर चौधरी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के साथ-साथ समर्पण और जनसेवा की भावना से भी काम करना होगा।

लोकसभा सोशल मीडिया संयोजक आशीष कुमार झा ने सोशल मीडिया को तेज गति से संदेश पहुंचाने वाला प्रभावी संचार माध्यम बताते हुए कहा कि प्रत्येक जिम्मेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ता को इसका इस्तेमाल संगठन के पक्ष में सकारात्मक माहौल तैयार करने के लिए करना चाहिए।

बैठक में सह संयोजक शिवम त्यागी, निर्मल सिंह, अनिल शर्मा, मोहित नेगी, अमित राज, गुड्डू तिवारी, सतीश पंवार, सुशील चौहान, डॉ. चित्रा भट्ट, रीना चौहान, अक्षय कुमार, संचित डागर, डॉ. वीरेंद्र, शशि, अरविंद कुशवाहा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।