धामी कैबिनेट की मंजूरी, आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि




Listen to this article

धामी कैबिनेट की मंजूरी, आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि
News127 देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कर्मचारी कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और किसानों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने आशा कार्यकत्रियों के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। वहीं वन आरक्षी पद पर सीधी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी।

कैबिनेट ने उत्तराखण्ड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को प्रख्यापित करने का निर्णय लिया। इसके लागू होने से संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा। असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए पृथक-पृथक बोर्ड गठित करने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन कर असंगठित कर्मकारों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। कर्मकारों के नामांकन, ग्रेच्युटी और मृत्यु की स्थिति में अंतिम संस्कार व्यय से संबंधित प्रावधान भी किए गए हैं।

उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को भी मंजूरी दी गई है। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में डी.फार्मा के साथ बी.फार्मा को भी शामिल किया गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। वहीं आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को स्वीकृति दी गई है।

वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगा। इसके लिए उत्तराखण्ड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा।

चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के एक्स-रे टेक्नीशियन संवर्ग की सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए संशोधन नियमावली को मंजूरी दी गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा संबंधी बॉण्ड को भी अनुमन्य किया गया है। इसके तहत पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद संबंधित चिकित्सकों को दुर्गम एवं पर्वतीय क्षेत्रों के चिकित्सालयों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा देनी होगी। इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और सीनियर रेजीडेंट की कमी दूर करना है।