हरकी पैड़ी, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला का हो रहा कायाकल्प, मनसा देवी-चंडी देवी के पहुंच मार्गों का काम भी तेज
News127 देहरादून।
हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के तहत चल रहे प्रमुख विकास कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये के कार्य क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
मां मनसा देवी मंदिर के पहुंच मार्ग का 55 प्रतिशत और मां चंडी देवी मंदिर के मार्ग का 50 प्रतिशत निर्माण पूरा हो गया है। वहीं सतीकुंड पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर नई परियोजनाओं का काम भी शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में हरिद्वार की धार्मिक पहचान, स्थानीय संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जाए। आगामी एक माह में कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए।
उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।


