उत्तराखंड में 8,279 करोड़ की परियोजनाओं से खुलेगा विकास का नया रास्ता




Listen to this article

हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की समीक्षा की, एक माह में नई योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश

News127 देहरादून।
उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 8,279 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर से जुड़ी इन योजनाओं के माध्यम से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में यूआईआईडीबी की पांचवीं बैठक में तीनों कॉरिडोर की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं में तेजी लाने और तैयार परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

समीक्षा में सामने आया कि ऋषिकेश कॉरिडोर में 3,456 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। त्रिवेणी घाट के विकास पर 115.07 करोड़, आस्था पथ के सौंदर्यीकरण पर 35.78 करोड़ और चंद्रभागा पैदल पुल पर 32.28 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

वहीं शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में 1,526 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। शारदा घाट पुनर्विकास का 30 प्रतिशत, पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत और शहरी जल निकासी योजना के पहले चरण का 13 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है।

बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। साहसिक पर्यटन को सुरक्षित बनाने, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के प्रस्तावों की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं का स्वरूप संबंधित क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए आगामी एक माह में कुछ नई योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।