News127नैनीताल।
नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
मीडिया से बातचीत में एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए पीआईटी एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। एएनटीएफ और एसओजी को मजबूत कर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित करने तथा साइबर सेल को आधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षण से सशक्त बनाने की बात कही। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में कठोर कार्रवाई के साथ पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और मजबूत पैरवी के जरिए उन्हें न्यायालय से सजा दिलाना भी है। आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से जनविश्वास मजबूत किया जाएगा।


