News127, नैनीताल।
कुमाऊं के प्रवेश द्वार नैनीताल में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों के बढ़ते दबाव के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नैनीताल, हल्द्वानी और कैंची धाम सहित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन का भरोसा दिलाया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसएसपी ने कहा कि जनपद की भौगोलिक और पर्यटन संबंधी महत्ता को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना आवश्यक है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास रहेगा कि नैनीताल आने वाला प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर अच्छी यादें लेकर लौटे। सुगम यातायात व्यवस्था से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और लोगों की आजीविका को भी लाभ पहुंचेगा।
एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त, सतर्क निगरानी और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।


