17 दिन तक 41 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए हर पल बनी रही चिंता, बोले– वह केवल जिम्मेदारी नहीं, मेरा व्यक्तिगत संकल्प था
News127देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान की यादें ताजा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 का वह दिन आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है, जब दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिल्क्यारा-बड़कोट निर्माणाधीन सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसे होने की सूचना मिली थी। उस समय उनकी सबसे बड़ी चिंता सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मुख्यमंत्री के रूप में यह केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनके लिए व्यक्तिगत संकल्प था। श्रमिकों के परिजनों की चिंता और उनकी आंखों में अपनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद ने इस संकल्प को और मजबूत किया। हर बैठक, समीक्षा और निर्णय के दौरान उनके सामने 41 श्रमिकों के चेहरे और उनके परिवारों की उम्मीदें रहती थीं।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार चुनौतियां सामने आती रहीं। कभी मलबा रास्ता रोकता तो कभी चट्टानों के कारण मशीनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता। ऑगर मशीन से ड्रिलिंग में बाधाएं आने के बाद क्षैतिज ड्रिलिंग के साथ वर्टिकल ड्रिलिंग और अन्य वैकल्पिक तकनीकी विकल्पों पर भी काम किया गया। देश-विदेश के विशेषज्ञों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर अभियान को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 दिनों तक सुरंग में फंसे श्रमिकों ने जिस धैर्य और साहस का परिचय दिया, वह पूरी रेस्क्यू टीम के लिए प्रेरणा बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते रहे।
उन्होंने कहा कि 28 नवंबर 2023 को जब पहला श्रमिक सुरंग से बाहर आया तो वह क्षण शब्दों से परे था। इसके बाद एक-एक कर सभी 41 श्रमिकों के सुरक्षित बाहर आने से पूरे देश में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई। जिन परिवारों ने 17 दिन तक चिंता और अनिश्चितता में समय बिताया था, उनके अपनों को सुरक्षित देखकर उन्हें सबसे बड़ी संतुष्टि मिली।
मुख्यमंत्री ने बाबा बौखनाग के प्रति स्थानीय लोगों और श्रमिकों के परिजनों की गहरी आस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी की प्रार्थनाओं और बाबा बौखनाग की कृपा में लोगों का विश्वास अभियान के दौरान संबल बना रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान ने सिखाया कि संकट कितना भी बड़ा हो, उम्मीद और प्रयास नहीं छोड़ने चाहिए। यह अभियान साहस, धैर्य, त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय, तकनीकी विशेषज्ञता और मानवीय संवेदना की सामूहिक शक्ति का उदाहरण बन गया।


