एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में लगेंगे सहकारिता ऋण मेले
News127, देहरादून।
उत्तराखंड में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सहकारिता विभाग व्यापक स्तर पर ऋण वितरण अभियान शुरू करने जा रहा है। आगामी एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में सहकारिता ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से दो लाख किसानों को लाभान्वित करने और करीब 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को सहस्त्रधारा रोड स्थित नाबार्ड मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को ऋण मेलों की रूपरेखा तैयार करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और किसानों को सरल प्रक्रिया से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एनपीए वसूली के लिए बनेगी कार्ययोजना
बैठक में जिला सहकारी बैंकों के एनपीए की स्थिति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने करीब 400 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर बकाया ऋण की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक और उप निबंधक स्तर के अधिकारियों को प्रत्येक जनपद में एमपैक्स स्तर पर बैठकें आयोजित कर योजनाओं की समीक्षा करने को कहा। अधिकारियों को सात दिसंबर तक विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसी दिन मंत्री स्वयं विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
ऋण वितरण में चमोली सबसे आगे, हरिद्वार ने हासिल किया 49 प्रतिशत लक्ष्य
जनपदवार ऋण वितरण की समीक्षा में चमोली 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर रहा। ऊधमसिंह नगर ने 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा ने 50 प्रतिशत, हरिद्वार ने 49 प्रतिशत, पौड़ी ने 46 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 43 प्रतिशत और देहरादून ने 32.72 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया।
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिए जाने वाले अल्पकालीन ऋण और मध्यकालीन ऋण वितरण की भी समीक्षा की गई। मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ 72 प्रतिशत, चमोली 65 प्रतिशत, नैनीताल 64 प्रतिशत, उत्तरकाशी 56 प्रतिशत और चंपावत 53 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे रहे।
बैठक में अपर निबंधक ईरा उप्रेती ने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों की जनपदवार प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान नाबार्ड के महाप्रबंधक पंकज यादव, अपर निबंधक आनंद शुक्ल, राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक प्रदीप मेहरोत्रा सहित सहकारिता विभाग एवं नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


