News127, अल्मोड़ा।
चिकित्सा स्वास्थ्य निदेशक, कुमाऊं मंडल डॉ. केके अग्रवाल ने शुक्रवार को जिला अस्पताल अल्मोड़ा का औचक निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लगभग एक घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली और बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से पड़ताल की।
निरीक्षण के क्रम में डॉ. अग्रवाल ने उपस्थिति रजिस्टर, आकस्मिक विभाग, ओपीडी, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, ऑडियोमेट्री और प्रसूति संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने बायोगैस एवं अन्य संयंत्रों के संचालन और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति की भी जांच की। विभिन्न विभागों में उपलब्ध सुविधाओं को देखने के साथ ही उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत की और उन्हें मिल रही चिकित्सा सेवाओं व उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
जांच के दौरान कुछ व्यवस्थाओं में कमियां भी सामने आईं, जिन पर निदेशक ने संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित कमियों से उच्च अधिकारियों और अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अवगत कराते हुए त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि निदेशक अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्ट दिखे। इस दौरान अस्पताल प्रशासन की ओर से निदेशक के समक्ष बजट बढ़ाने तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि करने का अनुरोध भी रखा गया। निरीक्षण के समय उप चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।


