हत्या के आरोपी सचिन को अदालत से झटका, जमानत याचिका खारिज




Listen to this article

गला दबाकर हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव नदी में फेंकने का आरोप

News127, लक्सर।
हत्या के गंभीर मामले में जेल में बंद आरोपी सचिन को अदालत से बड़ा झटका लगा है। अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और केस डायरी का अवलोकन करने के बाद आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जमानत पर रिहा करने से इनकार कर दिया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, कोतवाली लक्सर में दर्ज मुकदमे में सचिन पुत्र पवन पर सहअभियुक्त के साथ मिलकर एक व्यक्ति की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। आरोप है कि दो अगस्त 2026 की रात करीब दो बजे गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद हत्या के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतक के शव को नदी में फेंक दिया गया।

मामले में आरोपी की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल कर उसे झूठा फंसाए जाने की दलील दी गई और जमानत पर रिहा करने की मांग की गई। वहीं, अभियोजन पक्ष ने अपराध की गंभीर प्रकृति का हवाला देते हुए जमानत याचिका का विरोध किया।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने तथा केस डायरी में उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण करने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश कुशीर कुमार सिंह ने आरोपी सचिन की जमानत याचिका निरस्त कर दी। अदालत के इस फैसले से आरोपी को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।