News127 नैनीताल।
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार संभाल लिया। जनपद पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाले अर्पण यदुवंशी से नैनीताल में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की अपेक्षा की जा रही है।
सिलक्यारा में 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने में निभाई थी अहम भूमिका
अर्पण यदुवंशी का सेवाकाल चुनौतीपूर्ण अभियानों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से भरा रहा है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के पद पर करीब ढाई वर्ष तक सेवाएं देते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का संचालन किया।
इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग हादसे में उन्हें बचाव अभियान का घटना कमांडर बनाया गया था। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्होंने सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
धराली आपदा में 1,386 लोगों का कराया रेस्क्यू
सेनानायक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के रूप में करीब दो वर्ष तक जिम्मेदारी संभालने के दौरान भी अर्पण यदुवंशी ने कई महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया।
प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। वहीं अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।
उनके कार्यकाल में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इसके अलावा करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
अर्पण यदुवंशी ने ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रशासनिक प्रशिक्षण से जुड़े प्रतिष्ठित संस्थानों में भी व्याख्यान दिए। इनमें राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी शामिल हैं।
कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
सेवाकाल के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक-2024, महाकुंभ सेवा पदक-2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।
अब अर्पण यदुवंशी के अनुभव और नेतृत्व की परीक्षा नैनीताल जनपद में होगी। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस जनपद में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण और पर्यटकों की सुरक्षा बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में उनके सामने इन सभी मोर्चों पर पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी।


