News127, देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने निराश्रित महिलाओं के कल्याण और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदलकर मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय को एकल महिलाओं को सम्मानजनक पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस संबंध में सचिव, उत्तराखंड शासन डॉ. श्रीधर बाबू अद्धांकी ने निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखंड को पत्र जारी कर योजना के नाम में संशोधन की जानकारी दी है।
संशोधित नाम के तहत अब निराश्रित विधवा महिलाओं के भरण-पोषण अनुदान के साथ ही परित्यक्ता विवाहित महिलाओं और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के लिए संचालित अनुदान योजना मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना के नाम से जानी जाएगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य एकल महिलाओं को सम्मानजनक सामाजिक पहचान दिलाने के साथ उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। सरकार का कहना है कि यह पहल निराश्रित महिलाओं के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


