न्यूज 127. देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बिहार की नवनिर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुए। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित मंत्रिपरिषद के सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि बिहार और उत्तराखंड के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक रिश्तों की मजबूत विरासत रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और समन्वित प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने देशभर से पहुंचे विभिन्न राज्यों के गणमान्य नेताओं से शिष्टाचार भेंट भी की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय विकास, सुशासन के मॉडल, आपसी समन्वय और प्रगतिशील नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बिहार की जनता के उज्ज्वल भविष्य, राज्य की निरंतर प्रगति और नवगठित सरकार के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच सहयोग और सौहार्द भविष्य में और अधिक मजबूत होंगे।



