लक्सर को मिला ऐतिहासिक रेल कनेक्टिविटी का लाभ: सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार/लक्सर।
लक्सर को ऐतिहासिक रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने से लोगों में हर्ष की लहर है। सोमवार को गाड़ी संख्या 12358 अमृतसर–कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस का परिचालन किन्हीं कारणों से निरस्त रहने के बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा प्रतीकात्मक रूप से एक रैक को लक्सर स्टेशन पर लाकर उसका स्वागत किया गया। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका परिषद लक्सर के अध्यक्ष संजीव कुमार तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक पारितोष गौतम ने प्रतीकात्मक रूप से गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि लक्सर रेलवे स्टेशन पर चार लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव मिलना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे न केवल लक्सर बल्कि आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को देश के प्रमुख हिस्सों से सीधी रेल सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होंगे। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और रेलवे लगातार इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल अंतर्गत लक्सर स्टेशन पर चार महत्वपूर्ण लंबी दूरी की गाड़ियों को नियमित ठहराव दिए जाने के अवसर पर सोमवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमृतसर–कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इन गाड़ियों को मिलेगा लक्सर में ठहराव
रेलवे प्रशासन के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लक्सर स्टेशन पर जिन चार लंबी दूरी की गाड़ियों को ठहराव दिया गया है, उनमें गाड़ी संख्या 14627 सहरसा–छैहरटा अमृत भारत एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 14628 छैहरटा–सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12357 कोलकाता–अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 12358 अमृतसर–कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के ठहराव से लक्सर क्षेत्र को बिहार, पंजाब और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में नगर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, यात्री, रेलवे कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, मुरादाबाद मंडल की सांस्कृतिक टीम तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम मौजूद रही। सांस्कृतिक टीम द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे स्टेशन परिसर देशप्रेम के रंग में रंग गया।

लक्सर के विकास में मील का पत्थर
अपर मंडल रेल प्रबंधक पारितोष गौतम ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नए ठहराव और बेहतर सेवाओं पर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने चार अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव को लक्सर के विकास के लिए मील का पत्थर बताया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घोषित सभी गाड़ियों को उनके निर्धारित संचालन दिवस पर लक्सर स्टेशन पर नियमित ठहराव दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।