जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खुद संभाली कमान, बैरागी कैंप से हटेगा वर्षों पुराना अतिक्रमण




Listen to this article

न्यूज 127.
बैरागी कैंप में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निरीक्षण के बाद वर्षों पुराना अतिक्रमण अब हटेगा। जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद नगर निगम भी हरकत में आ गया है। सिंचाई विभाग को भी दो दिन के अंदर समस्त अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गए हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुरू किए गए सफाई अभियान को लेकर जिलाधिकारी स्वयं कमान संभाले हुए हैं। सफाई के साथ साथ सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को स्वयं मैदान में उतरकर सफाई अभियान की कमान संभालनी पड़ी। अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश के बाद भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण किये जाने की शिकायत के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयं संज्ञान लिया और मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि नगर निगम हरिद्वार और सिंचाई विभाग को अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी निर्देश दिए जा चुके थे, लेकिन अतिक्रमण न हटने के कारण आज उन्हें स्वयं मौके पर आना पड़ा। उन्होंने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है और आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा। आज किए गए निरीक्षण के दौरान बैरागी कैंप की मुख्य सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण पाए गए, जिन्हें हटाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।