हरिद्वार।
नगरपालिका परिषद शिवालिकनगर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है। यह बात नगरपालिका शिवालिकनगर के सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने वार्ड संख्या-01 में आयोजित स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कही। बैठक का आयोजन 06 फरवरी 2026 को किया गया, जिसमें क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वार्ड-01 अंतर्गत सड़कों के निर्माण, नालियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, पार्कों के सौंदर्यकरण एवं साफ-सफाई से संबंधित कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं सभासदों ने आम नागरिकों से मिल रही समस्याओं को बैठक के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान पर मंथन किया गया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट संकल्प विकसित भारत और विकसित शहर का है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ माननीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं स्थानीय विधायक आदेश चौहान के माध्यम से नगरपालिका क्षेत्र को निरंतर मिल रहा है, जिसे नगरपालिका के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी विकास कार्य पारदर्शिता के साथ, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हों। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूर्व की भांति आगे भी नगरपालिका के प्रत्येक वार्ड में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकों के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी।
बैठक में स्थानीय स्तर पर समन्वय मजबूत करने, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से स्थानीय सभासद वीरेंद्र अवस्थी, शांतनु मिश्रा, बलराम नौटियाल, एम.एल. पंवार, मंजू नौटियाल, हरकेश चौहान, रमाकांत माहेश्वरी, जी.के. गोयल, राम निवास, मुदित मित्तल, शुभम सैनी, आर.के. वर्मा, पवन गर्ग, आदित्य मदन सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने पालिका क्षेत्र के चौमुखी विकास को लेकर बनाई रणनीति







