उत्तराखंड की पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा बैणी-भुली योजना का लाभ: मुख्यमंत्री




Listen to this article

न्यूज 127, पीपलकोटी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की महिलाएं अपनी मेहनत, संघर्ष और संकल्प से न केवल परिवार बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं संचालित कर रही है। मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर माह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ की महिलाएं कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत धुरी हैं। चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। समान नागरिक संहिता के माध्यम से भी महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, प्राकृतिक खेती, मधुमक्खी पालन, खेल, स्वरोजगार और लोकसंस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान और नशामुक्ति के प्रयासों के लिए सम्मान मिला। इसके अलावा भुवना देवी, रामेश्वरी देवी, उषा देवी, लीला देवी, माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

खेल के क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल, लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को भी सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।