देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ का नया ठिकाना, सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। इससे सालाना सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आगमन से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उत्तराखंड में पहली बार इस प्रजाति का सफेद बाघ लाया गया है।

विद्यार्थियों को मिलेगा पर्यावरण का व्यावहारिक ज्ञान
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि पहले बच्चों के लिए निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी तथा उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित होगी।

विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वन संपदा संपन्न राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।