- मां के निधन के बाद फेसबुक पर सिर्फ एक शब्द लिखकर बयां कर दी अपनी पूरी दुनिया।
न्यूज 127, नवीन चौहान।
मां… महज एक शब्द नहीं, पूरी दुनिया होती है। मां के आंचल में सुकून मिलता है, उसकी गोद में हर दर्द छोटा पड़ जाता है। लेकिन जब वही मां संसार छोड़कर हमेशा के लिए चली जाए तो शब्द भी साथ छोड़ देते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फेसबुक पेज पर मां के निधन के बाद लिखे गए महज एक शब्द ने हर किसी को भावुक कर दिया। उन्होंने न कोई लंबा संदेश लिखा, न अपनी पीड़ा को शब्दों में ढालने की कोशिश की। बस लिखा— ‘मां’।
एक शब्द… लेकिन इसके पीछे कितना दर्द छिपा है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। शायद मन में हजारों भावनाएं उमड़ रही हों, मां को एक बार फिर गले लगाने की तड़प हो, उनके पास बैठने और उनका चेहरा निहारने की इच्छा हो, लेकिन कहने के लिए कुछ भी न बचा हो।
शायद हृदय भीतर ही भीतर चीत्कार कर रहा हो और जुबां खामोश हो। शायद दुनिया को संबोधित करने वाले शब्द आज एक बेटे के अपने दुख के सामने बौने पड़ गए हों।
मुख्यमंत्री हों या आम इंसान, मां के जाने का दुख सबके लिए एक जैसा होता है। पद और प्रतिष्ठा के सारे परिचय पीछे छूट जाते हैं और शेष रह जाता है तो सिर्फ एक रिश्ता— मां और बेटे का।
योगी आदित्यनाथ की फेसबुक पोस्ट का वह एक शब्द बहुत कुछ कह गया। कुछ दर्द ऐसे होते हैं, जिन्हें आंसू भी पूरी तरह बयां नहीं कर पाते और कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जिनके लिए पूरी जिंदगी के शब्द भी कम पड़ जाते हैं।


