फायर सर्विस स्पोर्ट्स मीट में उत्तराखंड का जलवा, दिव्या डांगी ने जीते पदक




Listen to this article

न्यूज 127, हल्द्वानी
कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित द्वितीय ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स मीट-2026 में नैनीताल फायर सर्विस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में फायर स्टेशन हल्द्वानी की फायर वुमन (FW) दिव्या डांगी ने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए, जबकि फायरमैन (FM) त्रिलोक सिंह बिष्ट ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

27 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिव्या डांगी ने 52 मंजिला स्टेयर रन स्पर्धा में फुल फायर फाइटिंग गियर पहनकर हिस्सा लिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, कैजुअल गियर में इसी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने रजत पदक हासिल किया। दूसरी ओर, त्रिलोक सिंह बिष्ट ने ग्रुप इवेंट के अंतर्गत आयोजित ट्रक पुल प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।

दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया और बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में नैनीताल फायर सर्विस के खिलाड़ियों की सफलता से पुलिस विभाग और उत्तराखंड का मान बढ़ा है।