न्यूज 127, गोवा/देहरादून।
गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत WAVES Film Bazaar-2026 में उत्तराखंड पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों और फिल्म जगत के प्रतिनिधियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक, निर्माता और प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं तथा उत्तराखंड में शूटिंग की संभावनाओं और राज्य की फिल्म नीति में रुचि दिखा रहे हैं।
शनिवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का अवलोकन किया। उन्होंने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति भारत के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बेहतरीन है। सचिव ने प्रदेश की खूबसूरत प्राकृतिक शूटिंग लोकेशंस और फिल्मकारों को सुविधाएं व प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 के प्रावधानों, शूटिंग सुविधाओं और प्रोत्साहनों को लेकर आगंतुकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 57वें IFFI-2026 का शुभारंभ गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्वलन के साथ किया था, जिसमें प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी भी मौजूद रहे।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक व नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया उत्साहजनक है और इससे शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिलेंगे। परिषद का लक्ष्य उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना और फिल्म पर्यटन से स्थानीय रोजगार व आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाना है। इस दौरान के.एस. चौहान और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।


