न्यूज 127, खटीमा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठ घाट पर मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं में शामिल है। यह पर्व प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने के साथ ही पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।


