नारायणी शिला मार्ग पर गड्ढा मामला: नगर निगम ने जल संस्थान को थमाया नोटिस








Listen to this article

हरिद्वार।
नारायणी शिला मार्ग पर सड़क में गड्ढा बनने के मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम, हरिद्वार ने जल संस्थान, हरिद्वार को नोटिस जारी किया है। नगर निगम का कहना है कि बीते दिनों जल संस्थान द्वारा अपने विभागीय कार्य के अंतर्गत सड़क किनारे मरम्मत कार्य कराया गया था, जिसके बाद उसी स्थान पर सड़क में गड्ढा बन गया।
नगर निगम के अनुसार, हाल ही में उक्त स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त होने से आम नागरिकों के जान–माल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई थी। हैरानी की बात यह रही कि जल संस्थान द्वारा यह कार्य नगर निगम को बिना किसी पूर्व सूचना अथवा अनुमति के कराया गया।
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में जल संस्थान को निर्देशित किया गया है कि संबंधित स्थल पर तत्काल प्रभाव से समुचित मरम्मत कार्य कराया जाए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।
साथ ही नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत जल संस्थान द्वारा यदि किसी भी प्रकार का मरम्मत या अन्य विभागीय कार्य कराया जाता है, तो उससे पूर्व नगर निगम को अवगत कराना एवं आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना पूर्व सूचना किए गए कार्यों से उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
नगर निगम ने दो टूक कहा है कि शहर की सड़कों की सुरक्षा एवं आम नागरिकों की जान–माल की रक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।