कोतवाली रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार








Listen to this article

मेरठ की युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर किया गया था दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाने का भी आरोप
हरिद्वार।
कोतवाली रुड़की पुलिस ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला बीती 7 फरवरी का है, जब मेरठ निवासी एक युवती ने कोतवाली रुड़की पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़िता के अनुसार, अभियुक्त मेहरबान पुत्र मकसूद ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद मेहरबान ने अपने साथियों दानिश पुत्र सुक्का एवं अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील, निवासी ग्राम जौरासी थाना रुड़की, के साथ मिलकर जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान अभियुक्तों ने पीड़िता की अश्लील वीडियो भी बनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल हरिद्वार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके क्रम में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। गठित टीमों द्वारा गहन छानबीन और सुरागरसी के बाद अभियुक्त मेहरबान पुत्र मकसूद एवं अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील को उनके मकान से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अंशु चौधरी, कांस्टेबल प्रदीप, अनूप लिंगवाल तथा महिला कांस्टेबल दीपा शर्मा शामिल रहीं। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताते चले कि तेज तर्रार इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जायेगा।