रेड लाइट जंप पर कार चालक को रोका तो ट्रैफिक दारोगा से अभद्रता








Listen to this article

हरिद्वार।
हरिद्वार में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। ताजा मामला शहर के व्यस्ततम शंकराचार्य चौक का है, जहां रेड लाइट जंप करने पर यातायात पुलिस ने एक कार चालक का चालान किया। इस दौरान चालक द्वारा पुलिस पर दबाव बनाने और अभद्रता करने की भी बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, शंकराचार्य चौक पर यातायात उप निरीक्षक नवनीत त्यागी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी बीच एक कार चालक ने कथित रूप से रेड लाइट का उल्लंघन किया। यातायात पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। आरोप है कि वाहन रोकने के बाद चालक ने पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और अपने परिजनों का परिचय देकर दबाव बनाने का प्रयास किया।


चालक का कहना है कि उसने रेड लाइट पर वाहन रोका हुआ था। उसके अनुसार, यातायात पुलिस ने स्वयं हाथ देकर उसे पास बुलाया और फिर रेड लाइट जंप करने का एक हजार रुपये का चालान करने की बात कही। चालक ने बताया कि उसने अपना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन की आरसी भी दिखा दी थी। इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई।
वहीं यातायात उप निरीक्षक नवनीत त्यागी ने स्पष्ट किया कि वाहन चालक ने रेड लाइट जंप की थी। नियमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि रेड लाइट जंप करना गंभीर यातायात उल्लंघन है, जिसमें तीन माह तक लाइसेंस निरस्त किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि चालक के पास लाइसेंस की केवल फोटोकॉपी थी। नकद चालान की बात पर चालक उत्तेजित हो गया, लेकिन बाद में वाहन का ऑनलाइन चालान कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी सख्ती से जारी रखा जाएगा।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के आदेशों के बाद ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। होली के त्योहार के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा रहा है।