डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने खंडस्तरीय संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता में प्राप्त किया द्वितीय स्थान




Listen to this article

पथ प्रवाह, हरिद्वार।
उत्तराखंड संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित खंड स्तरीय संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में बहादराबाद खंड के 19 विद्यालयों के प्रतिभागी छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति, लय, ताल एवं संस्कृत भाषा के प्रभावशाली उच्चारण के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ विधार्थियों का चयन 8 और 9 अक्टूबर को होने वाली जिला स्तरीय संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कपिल ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस प्रतियोगिता की तैयारी एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में संस्कृत समन्वयक नवनीत बलोदी, संगीत समन्वयक हिमांशु गुप्ता एवं संगीत अध्यापक दीपक भट्ट का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास के फलस्वरूप विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई।

विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी तथा आगामी जिला स्तरीय संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की।