डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह, विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित
न्यूज 127, हरिद्वार।
सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य-बोध की भावना को विद्यार्थियों से जोड़ने के उद्देश्य से डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर में भारत सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तीन दिवसीय रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 26 से 28 सितंबर तक चले आयोजन में विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के कुशल निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य ने हरित पर्यावरण और समृद्धि के प्रतीक पौधे तथा पटका पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

सेवा और कर्तव्य को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
मुख्य अतिथि अमित चौहान ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास से संभव होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा, समर्पण तथा कर्तव्य-बोध की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का भाव बचपन से विकसित किया जाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने व्यवहार और दैनिक कार्यों के माध्यम से राष्ट्रहित में योगदान देने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन अंशिका गोयल और अवंतिका चौहान ने प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण शैली में किया। दोनों छात्राओं की सधी हुई प्रस्तुति ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और रोचक बनाए रखा।

भाषण प्रतियोगिता में बानी और कृतिका अव्वल
भाषण प्रतियोगिता में बानी कौर सेठी और कृतिका रस्तोगी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। मनप्रीत कौर बग्गा ने द्वितीय तथा स्निग्धा तनेजा ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में आरोही चौधरी ने प्रथम, श्रेया चौहान ने द्वितीय और अविका सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि अमित चौहान ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सोनिया त्यागी, पूनम गक्खड़, रेनु शर्मा, डॉ. संदीप उनियाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और सहयोगी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


